#प्रदेश

खैरागढ़ में खेत में काम कर रहे किसान की करंट लगने से मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Advertisement Carousel

 

० बोरवेल की बिजली लाइन की चपेट में आने से हुआ हादसा, पुलिस ने शुरू की जांच

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में खेत में काम कर रहे किसान की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बैगा टोला निवासी 43 वर्षीय महेश वर्मा के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, महेश वर्मा मंगलवार को अपने खेत में जोताई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान खेत में बोरवेल के लिए बिछाई गई बिजली लाइन की चपेट में आने से उन्हें जोरदार करंट लग गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर खेत में गिर पड़े।

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत उनकी मदद के लिए पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए खैरागढ़ सिविल अस्पताल ले गए। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

किसान की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बोरवेल की बिजली लाइन के संपर्क में आना बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।