धमतरी में 30 जुलाई को औषधीय खेती करने वाले किसानों को मिलेंगे 54.36 लाख रुपये, वन मंत्री करेंगे राशि वितरण

धमतरी। छत्तीसगढ़ आदिवासी, स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड द्वारा 30 जुलाई को धमतरी के ग्राम दुगली में औषधीय एवं सुगंधित पौधों की खेती करने वाले किसानों और स्व-सहायता समूहों को अग्रिम प्रोत्साहन राशि वितरित की जाएगी। कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप और बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम शामिल होंगे।
इस दौरान नारायणपुर (अबूझमाड़) और धमतरी जिले के किसानों व स्व-सहायता समूहों को कुल 54.36 लाख रुपये की अग्रिम प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह राशि बोर्ड की अनुबंधित संस्थाओं सीजी स्टीविया और इंस्टा हर्बल के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि किसानों को औषधीय खेती शुरू करने में आर्थिक परेशानी न हो। साथ ही इन संस्थाओं द्वारा किसानों की उपज की खरीदी भी की जाएगी।
बोर्ड किसानों को औषधीय पौधों के नि:शुल्क पौधे, प्रशिक्षण, अध्ययन भ्रमण और फसल खरीदी की सुविधा भी उपलब्ध कराता है। योजना के तहत क्लस्टर, व्यक्तिगत किसान और स्व-सहायता समूहों के माध्यम से ब्राह्मी, वच, खस, लेमनग्रास और शतावर जैसी औषधीय फसलों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।
बोर्ड के अनुसार अग्रिम प्रोत्साहन राशि से किसान बोर खनन, पंप, पाइप, जुताई, रोपाई, निंदाई समेत खेती के अन्य जरूरी कार्य आसानी से कर सकेंगे और उन्हें कर्ज लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सरकार का उद्देश्य औषधीय खेती को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।




