#प्रदेश

Nashik Earthquake: नासिक में लगातार दूसरे दिन भूकंप के झटके, 4.3 रही तीव्रता; घरों की दीवारों में आई दरारें

Advertisement Carousel

 

नासिक। महाराष्ट्र के नासिक जिले में शनिवार रात और रविवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। लगातार दो बार भूकंपीय गतिविधि दर्ज होने से जिले के कई इलाकों में लोगों में दहशत फैल गई। कुछ घरों की दीवारों में दरारें आने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, प्रशासन के मुताबिक भूकंप से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

शनिवार रात 4.3 तीव्रता का भूकंप

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, शनिवार रात करीब 10 बजे नासिक में 4.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसके बाद रविवार सुबह 5:33 बजे 3.3 तीव्रता का दूसरा झटका महसूस किया गया।

जमीन से 5 किलोमीटर नीचे था केंद्र

अधिकारियों के मुताबिक भूकंप का केंद्र महाराष्ट्र-गुजरात सीमा के पास हटगढ़ पर्वत श्रृंखला के नजदीक भानवाड़ क्षेत्र में जमीन से करीब 5 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया।

इन इलाकों में महसूस हुए झटके

भूकंप के झटके नासिक शहर, सुरगाणा, कलवण, देवला, चांदवड़, पेठ, दिंडोरी और निफाड़ तालुका के कुछ इलाकों में महसूस किए गए। झटके महसूस होते ही कई लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।

घरों की दीवारों में आई दरार

जिला प्रशासन के अनुसार, सुरगाणा तालुका के भादर और दिंडोरी तालुका के नानाशी गांव में कुछ मकानों की दीवारों में दरारें आने की सूचना मिली है। प्रशासन की टीम ने स्थिति का जायजा लिया है। वहीं इलाके के बांधों का भी निरीक्षण किया गया, लेकिन किसी तरह के नुकसान की जानकारी नहीं मिली।

कलेक्टर ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

जिला कलेक्टर आयुष प्रसाद ने लोगों से घबराने और अफवाहों पर भरोसा नहीं करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा के जरूरी उपाय अपनाने को कहा है।

गौरतलब है कि नासिक जिले में इससे पहले भी 25 से 28 जुलाई के बीच और 6 अगस्त को भूकंप के झटके दर्ज किए गए थे। लगातार भूकंपीय गतिविधियों के चलते स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।