#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में 3 दिन बारिश से राहत, फिर बदलेगा मौसम; 16 जिलों में यलो अलर्ट

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिलहाल बारिश की तीव्रता में कमी आने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3 दिनों तक बारिश का दौर अपेक्षाकृत कमजोर रह सकता है, जबकि इसके बाद प्रदेश में एक बार फिर बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं।

रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सोमवार को रायपुर 32.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।

16 जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने मंगलवार को महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में यलो अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

12 अगस्त से फिर सक्रिय होगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-मध्य प्रदेश और आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मानसून द्रोणिका भी सक्रिय है। वहीं उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से 12 अगस्त को इसी क्षेत्र में एक और निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके बाद छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं।

सोमवार को यहां हुई अच्छी बारिश

सोमवार को भैरमगढ़, सुकमा और कुटरू में 5-5 सेमी बारिश दर्ज की गई। कुआकोंडा और गादीरास में 4 सेमी, जबकि जनकपुर-भरतपुर, तखतपुर, करपावंड और बड़े बचेली में 3-3 सेमी बारिश हुई। प्रदेश के कई अन्य इलाकों में भी 1 से 2 सेमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई।