#प्रदेश

Raipur Tiranga Yatra: हजारों बाइक के साथ निकलेगी विशाल तिरंगा यात्रा, युवाओं और मातृशक्ति की होगी भागीदारी

Advertisement Carousel

 

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को राजधानी रायपुर में राष्ट्रभक्ति का भव्य नजारा देखने को मिलेगा। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में हजारों मोटरसाइकिलों के साथ विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। दोपहर 3 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम से शुरू होने वाली यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और शहरवासी शामिल होंगे।

जनप्रतिनिधि दिखाएंगे हरी झंडी

आयोजकों के अनुसार यात्रा को सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू और पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे तथा भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाएंगे।

रायपुर पश्चिम विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में युवा और महिलाएं केसरिया साफा पहनकर हाथों में तिरंगा लेकर शामिल होंगे।

इन प्रमुख मार्गों से गुजरेगी तिरंगा यात्रा

तिरंगा यात्रा पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम से शुरू होकर तात्यापारा, रामसागर पारा, राठौर चौक, तेलघानी नाका, अग्रसेन चौक, समता कॉलोनी, चौबे कॉलोनी, रामनगर अंडरब्रिज, कर्मा चौक, कबीर चौक और CSEB चौक होते हुए भारत माता चौक, गुढ़ियारी पहुंचेगी।

यात्रा के स्वागत के लिए मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों और सामाजिक संगठनों की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।

भारत माता चौक पर होगा भव्य समापन

यात्रा का समापन भारत माता चौक, गुढ़ियारी में होगा। इसके बाद शाम 6 बजे भारत माता की भव्य आरती आयोजित की जाएगी। इस दौरान सुप्रसिद्ध सांस्कृतिक संस्था लोकरंग अर्जुंदा की ओर से देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी।

‘यह सिर्फ यात्रा नहीं, राष्ट्रगौरव की अभिव्यक्ति’

राजेश मूणत ने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों का ध्वज नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, जवानों के शौर्य और देशवासियों के स्वाभिमान का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन सिर्फ मोटरसाइकिल रैली नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता और सामूहिक संकल्प की अभिव्यक्ति है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, सामाजिक और व्यापारिक संगठनों सहित राजधानीवासियों से यात्रा में शामिल होने की अपील की।

कार्यक्रम एक नजर में
दिनांक: 14 अगस्त 2026
समय: दोपहर 3 बजे
शुरुआत: पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम
समापन: भारत माता चौक, गुढ़ियारी
भारत माता आरती: शाम 6 बजे
विशेष प्रस्तुति: लोकरंग अर्जुंदा के देशभक्ति गीत