झालावाड़ में दर्दनाक हादसा: पातलापीर पर अनियंत्रित बस ने लोगों को रौंदा, 3 की मौत; कई घायल

० ढलान पर बेकाबू हुई निजी बस, दर्शन के लिए आए लोगों को मारी टक्कर; अस्पताल में भर्ती घायलों में एक की हालत गंभीर
झालावाड़। जिले के भीमसागर के नजदीक धार्मिक स्थल पातलापीर पर शनिवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। ढलान पर अनियंत्रित हुई एक निजी बस ने वहां खड़े लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घायलों का झालावाड़ और खानपुर के अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
9 लोग हुए हादसे का शिकार
जानकारी के अनुसार, हादसे में कुल नौ लोग प्रभावित हुए। इनमें से एक व्यक्ति की खानपुर अस्पताल में मौत हो गई, जबकि दो ने झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। आठ घायलों को इलाज के लिए झालावाड़ रेफर किया गया था। इनमें दो को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि चार घायलों का इलाज जारी है।
ढलान पर अनियंत्रित हुई बस
बताया जा रहा है कि शनिवार रात निजी बस पातलापीर दरगाह के पास ढलान से नीचे की ओर आ रही थी। इसी दौरान बस अचानक अनियंत्रित हो गई और नीचे खड़े करीब आधा दर्जन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही सारोला थाना प्रभारी बुद्धा राम चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
अस्पताल में अधिकारियों ने लिया जायजा
घायलों के एसआरजी अस्पताल पहुंचने की सूचना मिलते ही सीएमएचओ डॉ. साजिद खान, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संजय पोरवाल, डिप्टी हर्षराज खरेड़ा समेत अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों की स्थिति और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली।
पातलापीर में दर्शन के लिए आए थे लोग
बताया गया कि हादसे का शिकार हुए लोग पातलापीर में दर्शन के लिए आए थे। इसी दौरान वापस लौट रही निजी बस ढलान पर अनियंत्रित होकर नीचे आ गई और वहां खड़े लोगों को टक्कर मार दी।
हादसे में इन तीन लोगों की मौत
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान रेहान (20) पुत्र फारूक, तालिब पुत्र अकील, दोनों रामगंजमंडी, जिला कोटा निवासी, और हामिद खान, निवासी रामगंजमंडी के रूप में हुई है। हामिद खान की खानपुर अस्पताल में मौत हुई, जबकि रेहान और तालिब ने झालावाड़ के अस्पताल में दम तोड़ा।
वहीं अल्फेज (25) पुत्र फिरोज, निवासी गोविंद नगर, कोटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।




