उत्तराखंड में बारिश का कहर: बदरीनाथ हाईवे पर भारी भूस्खलन, यात्रियों और परीक्षार्थियों की बढ़ी परेशानी

० चमोली बाजार के पास बाजपुर में हाईवे बंद, नारायणबगड़-नलगांव के बीच भी पहाड़ी दरकी; दोनों मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार
चमोली। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच पहाड़ों पर भूस्खलन का सिलसिला जारी है। बदरीनाथ हाईवे चमोली बाजार के समीप बाजपुर में भारी मलबा आने से अवरुद्ध हो गया है। यहां चट्टान से लगातार मलबा गिरने के कारण हाईवे पर आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हुई है।
बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब के यात्री फंसे
हाईवे बंद होने से दोनों ओर बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब जाने वाले यात्री और स्थानीय सवारियां फंस गई हैं। वहीं, सुबह 11 बजे से होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की परेशानी भी बढ़ गई है।
सिमली-ग्वालदम हाईवे भी बंद
लगातार बारिश के कारण नारायणबगड़ और नलगांव के बीच विशाल चट्टान खिसककर सड़क पर आ गिरी, जिससे सिमली-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-109) पूरी तरह बाधित हो गया है।हाईवे बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
BRO ने संभाला मोर्चा
हाईवे बंद होने की सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीम पोकलैंड और जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची। बीआरओ के जवान और मजदूर मलबे व बड़े बोल्डरों को हटाने में जुटे हैं।बारिश के बीच पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने के कारण राहत कार्य में भी चुनौती बनी हुई है।




