CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, रायपुर में सुबह से बारिश; 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट, 40 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार सुबह से बारिश हो रही है। रायपुर में लगातार बारिश के चलते कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
रायपुर में सुबह से बरस रहे बादल
राजधानी में सुबह से आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में बारिश हो रही है। बारिश के कारण सड़कों पर पानी जमा हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को रायपुर में बादल छाए रहने के साथ बारिश होने की संभावना है।
रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
बंगाल की खाड़ी का सिस्टम होगा और मजबूत
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा तट के पास बना कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। यह सिस्टम अगले 24 घंटे में और मजबूत होकर अवदाब (डिप्रेशन) में बदल सकता है।
इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
रायपुर समेत इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद और बलरामपुर में मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
रविवार को इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
प्रदेश में रविवार को भैसमा और लवन में 9-9 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा ओडगी में 8 सेमी और कोटाडोल में 7 सेमी बारिश हुई।बेरला, सिमगा और थानखमरिया में 6-6 सेमी, जबकि छाल और मनेंद्रगढ़ में 5-5 सेमी बारिश दर्ज की गई।
वहीं तिल्दा, दरी, सुहेला, नांदघाट, कटघोरा, लैलूंगा, पेंड्रा रोड, भाटापारा, सहसपुर लोहारा, कसडोल, हरदीबाजार और कोंटा में 3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
प्रदेश में सामान्य से 9 फीसदी कम बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक अब तक छत्तीसगढ़ में मौसमी वर्षा सामान्य के आसपास रही है, लेकिन कुल बारिश में करीब 9 फीसदी की कमी दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण बारिश का आंकड़ा बढ़ने की उम्मीद है।





