#प्रदेश

मुंबई में बड़ा हादसा: घर पर गिरी MMRDA की क्रेन, 10 लोग घायल; रेलवे की OHE लाइन भी क्षतिग्रस्त

Advertisement Carousel

 

मुंबई। मुंबई के कुर्ला में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। कुरैशी नगर में एमएमआरडीए की एक बड़ी क्रेन अचानक एक मकान पर जा गिरी। हादसे में 10 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को सायन अस्पताल और कुर्ला भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि क्रेन मध्य रेलवे की पटरियों के किनारे चल रहे एमएमआरडीए के काम के दौरान गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों के मुताबिक, मलबे में किसी के फंसे होने की आशंका नहीं है।

रेलवे की OHE लाइन भी हुई क्षतिग्रस्त

हादसे में क्रेन पास से गुजर रही रेलवे की ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) लाइन पर भी गिर गई। यह लाइन कुर्ला और ट्रॉम्बे के बीच सिंगल रेलवे लाइन है, जिसका इस्तेमाल मुख्य रूप से मालगाड़ियों की आवाजाही के लिए किया जाता है। मध्य रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इस घटना का नियमित ट्रेन सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा है।

क्रेन गिरने की वजह की जांच शुरू

बीएमसी के मुताबिक, एक ऑपरेशन के लिए पोक्लेन मशीन का इस्तेमाल कर क्रेन लगाई जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ। घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं एमएमआरडीए की ओर से क्रेन गिरने की सटीक वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।