#प्रदेश

IGKV पेपर लीक केस में बड़ा एक्शन: अब एक और परीक्षा रद्द, दुर्ग कृषि कॉलेज को नोटिस

Advertisement Carousel

 

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) ने पेपर लीक मामले में बड़ा फैसला लेते हुए 7 अगस्त को आयोजित बीएससी कृषि प्रथम वर्ष की प्लांट पैथोलॉजी परीक्षा भी निरस्त कर दी है। पुलिस जांच में इस प्रश्नपत्र के भी लीक होने की जानकारी सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन ने यह कदम उठाया।

इससे पहले 20 अगस्त को आयोजित बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष की एंटोमोलॉजी परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद उसे रद्द किया गया था। अब दोनों परीक्षाएं सितंबर के पहले सप्ताह में दोबारा आयोजित की जाएंगी।

दुर्ग के कृषि कॉलेज को कारण बताओ नोटिस

विश्वविद्यालय की आपात बैठक में भारतीय कृषि महाविद्यालय, दुर्ग को परीक्षा की गोपनीयता सुनिश्चित नहीं कर पाने के मामले में नोटिस जारी करने का निर्णय लिया गया है। पेपर लीक प्रकरण में पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए दोषी छात्रों के खिलाफ भी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, दोनों परीक्षाओं की गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए दुर्ग कॉलेज में विश्वविद्यालय की ओर से नियुक्त ऑब्जर्वरों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।

अब पासवर्ड प्रोटेक्टेड ईमेल से भेजे जा रहे पेपर

पेपर लीक की घटना के बाद विश्वविद्यालय ने परीक्षा प्रणाली में भी बदलाव किया है। 22 अगस्त की परीक्षा के प्रश्नपत्र हार्ड कॉपी के बजाय पासवर्ड प्रोटेक्टेड ईमेल के जरिए संबंधित कॉलेजों को भेजे गए। सुबह 10 बजे होने वाली परीक्षा का पेपर कॉलेजों को सुबह 9:30 बजे उपलब्ध कराया गया।

24 अगस्त की परीक्षा भी इसी व्यवस्था के तहत आयोजित होगी। इसके अलावा विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग और कॉलेजों के परीक्षा हॉल में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया गया है।

विश्वविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि छात्रों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और लीक प्रूफ बनाने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।