#प्रदेश #राष्ट्रीय

पंजाब में BJP का बड़ा प्लान: 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी, सरकार बनाने का लक्ष्य

Advertisement Carousel

 

पटियाला। पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति साफ कर दी है। भाजपा ने राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने और पंजाब में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने का लक्ष्य रखा है।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने पटियाला में आयोजित क्षेत्रीय संगठनात्मक बैठक में यह बात कही। उन्होंने कहा कि पंजाब बदलाव के लिए तैयार है और भाजपा इसे जमीन पर उतारने के लिए पूरी तरह तैयार है।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर फोकस

बीएल संतोष दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर पंजाब पहुंचे हैं। इस दौरान पटियाला और बठिंडा में क्षेत्रीय बैठकों के जरिए पार्टी के संगठनात्मक कामकाज की समीक्षा की गई। बैठकों में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।

भाजपा का विशेष फोकस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और आपसी समन्वय बेहतर करने पर है।

लुधियाना, जालंधर और अमृतसर में भी बैठकें

25 अगस्त को लुधियाना, जालंधर और अमृतसर में क्षेत्रीय संगठनात्मक बैठकें प्रस्तावित हैं। अमृतसर में प्रदेश महासचिवों के साथ अलग बैठक भी होगी।

पंजाब में सत्ता हासिल करने की रणनीति

भाजपा की बैठकों में केंद्र सरकार की उपलब्धियों और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी जोर दिया जा रहा है। 117 सीटों पर चुनाव लड़ने और सरकार बनाने का लक्ष्य तय कर भाजपा ने पंजाब में अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा स्पष्ट कर दी है।