रक्षाबंधन से पहले CM साय का बड़ा तोहफा, 67 लाख से ज्यादा महिलाओं के खाते में आएंगे ₹631 करोड़

रायपुर। रक्षाबंधन से पहले छत्तीसगढ़ की महिलाओं को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 25 अगस्त को महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की राशि जारी करेंगे। डौण्डीलोहारा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 67 लाख 28 हजार 918 हितग्राहियों के बैंक खातों में 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे।
राखी से पहले खाते में पहुंचेगी सितंबर की किस्त
मुख्यमंत्री साय बालोद जिले के डौण्डीलोहारा स्थित लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में बिहान दीदी एवं स्व-सहायता समूह के सम्मान समारोह में शामिल होंगे। इसी दौरान महतारी वंदन योजना की राशि का अंतरण किया जाएगा।
खास बात यह है कि 31वीं किस्त का भुगतान सितंबर 2026 में होना था, लेकिन रक्षाबंधन को देखते हुए सरकार ने इसे पहले ही जारी करने का फैसला लिया है।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में मददगार योजना
महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली राशि महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के साथ स्वास्थ्य, चिकित्सा और पोषण संबंधी जरूरतों में भी मददगार साबित हो रही है। कई महिलाएं इस राशि का उपयोग बेटियों के भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश करने और अन्य आर्थिक गतिविधियों में कर रही हैं।
30 किस्तों में बांटे जा चुके ₹19,444 करोड़
सरकार के मुताबिक, महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 30 किस्तों में करीब 19,444 करोड़ रुपये की सहायता राशि हितग्राहियों को दी जा चुकी है। अब 31वीं किस्त के रूप में 631 करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में पहुंचेगी।





