रक्षाबंधन पर रायपुर सेंट्रल जेल में बहनों को मिलेगी भाई से मिलने की अनुमति, जानिए समय और नियम

रायपुर। रक्षाबंधन के अवसर पर केन्द्रीय जेल रायपुर में बंदियों को राखी बांधने के लिए विशेष मुलाकात व्यवस्था की गई है। जेल प्रशासन के अनुसार 28 अगस्त को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक केवल बहनों को बंदियों से मिलने और राखी बांधने की अनुमति होगी।
जेल प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए मुलाकात के लिए कुछ नियम तय किए हैं। एक बंदी से मिलने के लिए अधिकतम 3 बहनों को प्रवेश दिया जाएगा। जेल में आने वाली बहनों के पास वैध पहचान-पत्र होना अनिवार्य होगा और जांच के बाद ही प्रवेश मिलेगा।
100 ग्राम मिठाई ले जाने की अनुमति
बहनें प्रति बंदी अधिकतम 100 ग्राम मिठाई साथ ले जा सकेंगी। मिठाई को जेल में प्रवेश से पहले जांचा जाएगा। इसके अलावा किसी भी अन्य खाद्य सामग्री को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
मोबाइल-पर्स और नकदी ले जाना प्रतिबंधित
जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मोबाइल फोन, पर्स, नकदी और किसी भी तरह का कीमती सामान जेल परिसर के भीतर ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इन सामानों को जमा कराने की सुविधा भी जेल में उपलब्ध नहीं होगी, इसलिए परिजनों को इन्हें साथ नहीं लाने की सलाह दी गई है।
तीन स्तरों पर हो सकती है तलाशी
सुरक्षा के मद्देनजर जेल में प्रवेश से पहले महिला कर्मचारियों द्वारा तीन स्तरों पर तलाशी ली जा सकती है। जेल अधीक्षक ने सभी परिजनों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और तलाशी एवं सुरक्षा व्यवस्था में जेल प्रशासन का सहयोग करें।




