₹1.50 करोड़ की रिश्वत मांगने वाले CGST अफसरों पर CBI का शिकंजा, एडिशनल कमिश्नर समेत 3 गिरफ्तार

मुंबई। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में रिश्वतखोरी के एक बड़े मामले में CGST के एडिशनल कमिश्नर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पत्थर की खदान से जुड़ी एक फर्म के GST-रॉयल्टी मामले को निपटाने के बदले ₹1.50 करोड़ की रिश्वत मांगी गई थी। मामले में ₹40 लाख की रिश्वतखोरी के आरोप सामने आए हैं।
CGST के दो अधिकारियों समेत तीन गिरफ्तार
सीबीआई के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में CGST के एडिशनल कमिश्नर एवं IRS अधिकारी विनय कुमार कंथेती, CGST सुपरिटेंडेंट राकेश कुमार सिन्हा और उनके कथित सहयोगी नरिंदर राजपूत शामिल हैं। तीनों को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया।
26 अगस्त को दर्ज हुआ था केस
सीबीआई ने 26 अगस्त को इस मामले में शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया था। आरोप है कि CGST सुपरिटेंडेंट ने शिकायतकर्ता की पत्थर खदान से जुड़ी फर्म के GST-रॉयल्टी मामले को निपटाने के लिए ₹1.50 करोड़ की रिश्वत मांगी थी।
जांच एजेंसी अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मामले में रिश्वत की मांग और कथित लेनदेन से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे और लोगों की भूमिका सामने आने की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।




