#प्रदेश

बिलासपुर में हिंसक झड़प के बाद सख्ती, सिटी कोतवाली क्षेत्र में धारा 144 लागू; हथियार और भीड़ पर रोक

Advertisement Carousel

 

बिलासपुर। सोशल मीडिया पर विवादित कमेंट को लेकर शुक्रवार रात दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी है। प्रशासन ने क्षेत्र में भीड़ जुटाने, हथियार लेकर चलने और बिना अनुमति सभा-जुलूस समेत कई गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया है।

हथियार लेकर निकलने और भीड़ जुटाने पर रोक

प्रशासनिक आदेश के मुताबिक सार्वजनिक स्थानों पर तलवार, चाकू, लाठी, भाला और अन्य हथियार लेकर चलने पर रोक रहेगी। हालांकि शासकीय ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों, लाठी के सहारे चलने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगों तथा धार्मिक परंपरा के तहत कृपाण रखने वालों को इससे छूट दी गई है।

बिना अनुमति सभा, रैली, जुलूस, धरना, प्रदर्शन और हड़ताल आयोजित नहीं की जा सकेगी। किसी भी स्थान पर चार से अधिक लोगों के एकत्र होने पर भी प्रतिबंध रहेगा। हालांकि परिवार के सदस्यों के सामान्य आवागमन को इस आदेश से बाहर रखा गया है। किसी कार्यक्रम के आयोजन के लिए एसडीएम से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

तोड़फोड़ और सड़क जाम करने वालों पर होगी कार्रवाई

प्रशासन ने सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, तोड़फोड़ करने, सड़क जाम करने और लोगों में भय का माहौल पैदा करने जैसी गतिविधियों पर भी सख्ती की है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ BNS की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Instagram कमेंट से शुरू हुआ था विवाद

बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में किए गए विवादित कमेंट को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया और इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी भी की गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह समेत पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

विधायक सुशांत शुक्ला समेत स्थानीय लोग भी थाने पहुंचे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने युवकों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी और इलाके में शांति व्यवस्था कायम रखने का प्रयास किया। फिलहाल प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।