बलरामपुर पहुंची ED की टीम, सर्किट हाउस में अपर कलेक्टर से पूछताछ; दुर्ग-धमतरी में भी कार्रवाई से बढ़ी हलचल

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से एक बार फिर सियासी और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। दुर्ग और धमतरी के बाद अब ED की टीम बलरामपुर पहुंची है, जहां सर्किट हाउस में अपर कलेक्टर चेतन बोरघारिया से पूछताछ की जा रही है। टीम दो वाहनों से सुबह बलरामपुर पहुंची और सर्किट हाउस पहुंचने के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
अपर कलेक्टर से चल रही पूछताछ
जानकारी के अनुसार, ED की टीम ने सर्किट हाउस में अपर कलेक्टर चेतन बोरघारिया को बुलाकर पूछताछ शुरू की। फिलहाल जांच एजेंसी की कार्रवाई जारी है। चेतन बोरघारिया पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ओएसडी के तौर पर भी काम कर चुके हैं। वर्तमान में वह बलरामपुर में अपर कलेक्टर के पद पर पदस्थ हैं।
किस मामले में कार्रवाई, अभी स्पष्ट नहीं
ED की टीम किस मामले की जांच के सिलसिले में बलरामपुर पहुंची है, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। जांच एजेंसी की ओर से भी पूछताछ के कारण और जांच के दायरे को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
दुर्ग में भी ED ने दी थी दबिश
बलरामपुर से पहले दुर्ग में ED की कार्रवाई सामने आई थी। पुरानी भिलाई स्थित पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पीए के.के. चंद्रवंशी के घर जांच एजेंसी की टीम पहुंची थी। करीब आठ अधिकारियों की टीम ने दस्तावेजों की जांच की थी।
इसके अलावा सिकोल भांटा में रिटायर्ड पटवारी कमलेश राजपूत के घर भी ED की टीम पहुंची थी। यहां बड़े बिल्डरों से लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच किए जाने की जानकारी सामने आई थी।
धमतरी में भी जांच जारी
इधर, धमतरी में भी ED की टीम ने कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक, करीब छह सदस्यीय टीम दो वाहनों से पहुंची और दस्तावेजों समेत अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल की। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बल भी तैनात रहे।
बलरामपुर, दुर्ग और धमतरी में ED की कार्रवाई को लेकर फिलहाल एजेंसी की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के कारण और जांच में सामने आए तथ्यों की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।





