#प्रदेश

CG Accident : हाईवे पर अचानक सामने आई गाय, जांजगीर-चांपा जिला पंचायत अध्यक्ष की इनोवा दुर्घटनाग्रस्त; बाल-बाल बचीं सत्यलता मिरी

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सड़क पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी एक बार फिर हादसे की वजह बनी है। सिमगा के पास नेशनल हाईवे पर जांजगीर-चांपा जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी की इनोवा कार गाय से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में सत्यलता मिरी बाल-बाल बचीं, हालांकि उन्हें और उनके ड्राइवर को हल्की चोटें आई हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एयरबैग खुल गए।

रायपुर आते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, सत्यलता मिरी अपनी इनोवा कार (CG 04 QG 8506) से नेशनल हाईवे के रास्ते रायपुर आ रही थीं। करीब दोपहर 12 बजे सिमगा के पास अचानक एक गाय सड़क पर आ गई और कार उससे जा टकराई।

टक्कर के बाद खुल गए एयरबैग

गाय से टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। सत्यलता मिरी और उनके ड्राइवर को हल्की चोटें आईं, जिसके बाद दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

हादसे के बाद सड़क पर बेसुध पड़ी रही गाय

टक्कर के बाद गाय भी सड़क पर गिरकर कुछ देर तक बेसुध पड़ी रही। बाद में वह उठकर चलने लगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।

हाईवे पर मवेशियों को लेकर पहले भी उठे सवाल

नेशनल हाईवे पर मवेशियों की मौजूदगी को लेकर पहले भी गंभीर सवाल उठते रहे हैं। हाईकोर्ट ने भी हाल में इस मामले पर संज्ञान लेते हुए सुनवाई की थी और प्रशासन को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए थे। ऐसे में जिला पंचायत अध्यक्ष की कार के साथ हुआ यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर मवेशियों की समस्या को लेकर चिंता बढ़ाता है।