#प्रदेश

रायपुर के ज्वेलर्स को मिलेंगे जेजेएस-2026 में कारोबार बढ़ाने के नए मौके

Advertisement Carousel

० ज्वेलर्स को कारोबार से संबंधित मौकों की जानकारी देने रायपुर सराफा एसोसिएशन के सहयोग से रायपुर में हुआ रोड शो
० 22 से 25 दिसंबर तक जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में होगा जेजेएस-2026 का आयोजन, इससे होने वाले फायदों से अवगत कराया गया

रायपुर। ज्वेलरी कारोबार से जुड़े व्यापारियों के लिए नए खरीदारों से जुड़ना, नए प्रोडक्ट देखना और कारोबार बढ़ाने के मौके तलाशना जरूरी होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जयपुर ज्वेलरी शो (JJS) ने अपने दिसम्बर 2026 में होने वाले “द दिसंबर शो” के लिए रायपुर में प्रेजेंटेशन का आयोजन किया गया, जिसमें ज्वेलर्स को शो में मिलने वाले कारोबार से संबंधित मौकों की जानकारी दी गई। रायपुर सराफा एसोसिएशन के सहयोग से शनिवार को आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के ज्वेलरी और सराफा कारोबारियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में जेजेएस-2026 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और कारोबारियों को शो में शामिल होने के फायदों से अवगत कराया गया। जेजेएस-2026 का आयोजन 22 से 25 दिसंबर तक जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी), जयपुर में होगा।
उक्त कार्यक्रम में रायपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष धरम चंद भंसाली, सचिव जितेंद्र गोलछा और कार्यक्रम संयोजक अशोक बरड़िया मौजूद रहे। वहीं, जयपुर ज्वेलरी शो की ओर से चेयरमैन राजीव जैन और मानद सचिव कमल कोठारी ने प्रतिनिधित्व किया।

इस दौरान, जेजेएस चेयरमैन राजीव जैन ने प्रेजेंटेशन के जरिए शो की शुरुआत से लेकर अब तक के सफर और जेम्स एंड ज्वेलरी कारोबार में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने जेजेएस-2026 में शामिल अलग-अलग सेक्शनों और कारोबारियों के लिए उपलब्ध अवसरों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा, “जयपुर ज्वेलरी शो ऐसा मंच है, जहाँ निर्माता, थोक और खुदरा कारोबारी, निर्यातक, डिजाइनर और जेम्स एंड ज्वेलरी कारोबार से जुड़े लोग एक ही जगह पर मिल सकते हैं। इससे कारोबारियों को नए लोगों से जुड़ने, नए प्रोडक्ट देखने, कारोबार पर बातचीत करने और नए व्यावसायिक संबंध बनाने का मौका मिलता है। उन्होंने रायपुर के ज्वेलर्स को जेजेएस-2026 में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।”

रोड शो के दौरान रायपुर के ज्वेलरी कारोबारियों ने जेजेएस प्रतिनिधियों से शो में भाग लेने, वहाँ मिलने वाले कारोबार के अवसरों और अन्य जानकारियों को लेकर बातचीत की। रायपुर सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी रोड शो का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन रायपुर और जयपुर के ज्वेलरी कारोबारियों को एक-दूसरे से जोड़ने और आपसी व्यावसायिक संबंधों को मजबूत करने में मदद करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में जेजेएस के मानद सचिव कमल कोठारी ने रायपुर सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों, सदस्यों, अतिथियों और शहर के ज्वेलरी कारोबारियों का कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आभार व्यक्त किया।