जन्माष्टमी विसर्जन के बाद लापता थी 12वीं की छात्रा, कुएं में मिली 17 वर्षीय किशोरी की लाश

सरगुजा। बतौली थाना क्षेत्र के मानपुर इलाके में 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा की लाश कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका 12वीं कक्षा में पढ़ती थी। उसका शव बस्ती से लगे एक कुएं में मुंह के बल पड़ा मिला।
जानकारी के अनुसार, किशोरी कृष्ण जन्माष्टमी के विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह घर नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
इसी बीच बस्ती के पास स्थित कुएं में किशोरी की लाश मिलने की सूचना सामने आई। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच में जुटी टीम
घटना की सूचना मिलते ही बतौली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल के साथ साइबर फॉरेंसिक पुलिस टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया।
मौत की वजह अब भी बनी पहेली
फिलहाल किशोरी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच कर रही है। मौत हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।





