रायपुर में अस्पताल की पहली मंजिल से कूदा आरक्षक, इलाज के दौरान मौत; हार्ट सर्जरी के लिए था भर्ती

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक आरक्षक ने निजी अस्पताल की पहली मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना पंडरी थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक आरक्षक देव नारायण सिंह जशपुर में पदस्थ थे। वे हार्ट की सर्जरी कराने के लिए रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती हुए थे। बताया जा रहा है कि दो दिन बाद उनका ऑपरेशन होना था।
इसी बीच आरक्षक ने अस्पताल की पहली मंजिल से छलांग लगा दी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल उनका उपचार शुरू किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मिलते ही पंडरी पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरक्षक ने यह कदम क्यों उठाया, इसे लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।




