#प्रदेश

कोरिया में अपने ही स्कूल बस की चपेट में आई मासूम अस्पताल ले जाते समय मौत; जांच में जुटी पुलिस

Advertisement Carousel

 

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में शनिवार सुबह स्कूल जाने की तैयारी कर रही दूसरी कक्षा की छात्रा की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। सोनहत थाना क्षेत्र के धनपुर बस्ती में बच्ची स्कूल बस में सवार होने के लिए घर से निकली थी, इसी दौरान वह उसी स्कूल की बस की चपेट में आ गई।मृतका की पहचान प्रिंसि के रूप में हुई है। वह सोनहत स्थित भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा दूसरी में पढ़ती थी।

सुबह करीब साढ़े 7 बजे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे प्रिंसि स्कूल जाने के लिए बस पकड़ने निकली थी। इसी दौरान स्कूल संस्था की बस की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग बच्ची को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनहत लेकर निकले, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

घटना की सूचना मिलते ही सोनहत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।दूसरी कक्षा की मासूम छात्रा की मौत से परिवार में मातम पसरा है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।