अवैध रेत-खनिज परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा, 3 हाईवा समेत 5 ट्रैक्टर जब्त; 8 प्रकरण दर्ज

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध रेत और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने बम्हनीडीह, बिर्रा और शिवरीनारायण क्षेत्र में औचक जांच अभियान चलाया। इस दौरान खनिजों का अवैध परिवहन करते पाए गए 3 हाईवा और 5 ट्रैक्टर को जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान कुल 8 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
कई इलाकों में एक साथ जांच
संयुक्त टीम ने पिपरदा, पुछेली, बिर्रा, गतवा और शिवरीनारायण क्षेत्र में वाहनों की जांच की। जांच के दौरान पिपरदा से एक हाईवा, बिर्रा क्षेत्र से दो ट्रैक्टर, शिवरीनारायण से तीन ट्रैक्टर और केवा-नवापारा क्षेत्र से दो हाईवा जब्त किए गए।जब्त वाहनों को सुरक्षा के मद्देनजर थाना बिर्रा, थाना शिवरीनारायण और कलेक्ट्रेट परिसर में रखा गया है।
रेत, गिट्टी और ईंट के अवैध परिवहन के मामले
जांच के दौरान सामने आए 8 प्रकरणों में 5 मामले अवैध रेत परिवहन, एक मामला गिट्टी और दो मामले ईंट के अवैध परिवहन से संबंधित हैं। खनिज विभाग के मुताबिक सभी मामलों में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इन धाराओं के तहत होगी कार्रवाई
दर्ज प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के नियम 71 के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने दिए सख्त निगरानी के निर्देश
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अधिकारियों को लगातार जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





