#प्रदेश

SSB कैंप में जवान ने सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली, मौके पर मौत; जांच में जुटी पुलिस

Advertisement Carousel

 

भानुप्रतापपुर। अंतागढ़ के पास कुहचे गांव स्थित SSB कैंप में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक जवान ने कथित तौर पर अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली लगने से जवान की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही SSB के अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

उत्तर प्रदेश का रहने वाला था जवान

मृतक जवान की पहचान आनंद प्रकाश तिवारी के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और कुहचे स्थित SSB कैंप में हवलदार के पद पर तैनात था।

बताया जा रहा है कि सोमवार को अज्ञात कारणों के चलते उसने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। घटना के बाद कैंप में हड़कंप की स्थिति बन गई।

फॉरेंसिक टीम भी करेगी जांच

घटना की जानकारी मिलते ही कैंप के अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा ले रही है। घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर भेजा गया है।

आत्महत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं

फिलहाल आनंद प्रकाश तिवारी ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जवान के सहकर्मियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।