#प्रदेश

Jodhpur Election Result 2026: 44-44 पर BJP-कांग्रेस बराबर, 11 वार्डों में निर्दलीय-अन्य की जीत; कई बड़े चेहरों को झटका

Advertisement Carousel

 

जोधपुर। नगर निगम चुनाव 2026 की मतगणना के बीच जोधपुर में सियासी मुकाबला बेहद रोचक हो गया है। 100 वार्डों के लिए हो रही मतगणना में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। अब तक भाजपा और कांग्रेस दोनों के खाते में 44-44 वार्ड जा चुके हैं, जबकि अन्य दलों के 11 प्रत्याशी भी जीत दर्ज कर चुके हैं। नतीजों में कई चर्चित और दिग्गज नेताओं को हार का सामना करना पड़ा है।

वार्ड 99 में पूर्व महापौर को मिली हार

वार्ड 99 में भाजपा प्रत्याशी निकिता ने पूर्व महापौर कुंती देवड़ा को 259 वोटों से हरा दिया। वहीं वार्ड 42 में कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष ओमकार वर्मा को भाजपा के पूर्व राज्य मंत्री मेघराज लोहिया ने 279 वोटों से शिकस्त दी।

सबसे युवा प्रत्याशी ने मारी बाजी

वार्ड 51 का नतीजा भी चर्चा में है। यहां कांग्रेस की 21 वर्षीय सरस्वती प्रजापत ने जीत दर्ज की है। उन्हें चुनाव मैदान में सबसे कम उम्र की प्रत्याशी बताया जा रहा है। सरस्वती UPSC की तैयारी कर रही हैं।

राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी भी जीते

वार्ड 28 में भाजपा प्रत्याशी और राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी विकास राघवानी ने जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व पार्षद को हराया, जो तीसरे स्थान पर रहे।

दूसरी ओर, इसी वार्ड में भाजपा के पूर्व डिप्टी मेयर देवेंद्र सालेचा चुनाव हार गए। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेशचंद्र जोशी ने उन्हें मात दी। दोनों ही महापौर पद की संभावित दौड़ में शामिल माने जा रहे थे।

शेखावत के वार्ड में BJP को झटका, गहलोत के इलाके में कांग्रेस हारी

जोधपुर के चुनावी नतीजों में राजनीतिक रूप से दिलचस्प तस्वीर सामने आई है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के वार्ड में भाजपा प्रत्याशी को हार मिली, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी चुनाव हार गया।

10 कमरों में हो रही मतगणना

जोधपुर के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में मतगणना जारी है। प्रक्रिया की शुरुआत डाक मतपत्रों की गिनती से हुई, जिसके बाद अन्य मतों की गणना की जा रही है।

मतगणना के लिए कॉलेज के 10 कमरों में अलग-अलग टेबल लगाई गई हैं और प्रत्येक वार्ड के लिए व्यवस्था की गई है। अंतिम परिणाम आने के साथ ही यह साफ होगा कि जोधपुर नगर निगम में किस पार्टी का पलड़ा भारी रहता है।