#crime #प्रदेश

Gariyaband Suicide Case: एक साल पहले हुई थी लव मैरिज, अब पति-पत्नी दोनों की फंदे पर मिली लाश; मौत की वजह बनी रहस्य

Advertisement Carousel

 

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। अमलीपदर थाना क्षेत्र के भेजीपदर गांव में सोमवार सुबह दोनों के शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटके मिले। बताया जा रहा है कि दोनों ने करीब एक साल पहले लव मैरिज की थी। आखिर ऐसा क्या हुआ कि दोनों ने यह कदम उठाया, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो सका है।

एक साल पहले हुई थी लव मैरिज

जानकारी के अनुसार, भेजीपदर गांव में मिलाप ध्रुव और उसकी पत्नी मंजुला ध्रुव साथ रहते थे। दोनों ने करीब एक साल पहले प्रेम विवाह किया था।

बताया जा रहा है कि मिलाप ने इससे पहले किसी बात से आहत होकर जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की थी। इसके बाद बीती रात उसने कथित तौर पर फांसी लगा ली। कुछ समय बाद उसकी पत्नी मंजुला का शव भी फंदे पर मिला।

घर के अंदर मिले दोनों के शव

घटना की जानकारी स्थानीय लोगों से मिलने के बाद पुलिस टीम गांव पहुंची। घर के अंदर दोनों के शव फंदे पर लटके हुए थे। पुलिस ने शवों को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आत्मघाती कदम की वजह तलाश रही पुलिस

पुलिस अब दोनों परिवारों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद या अनबन चल रही थी या फिर इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी।

फिलहाल पुलिस ने मामले के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही दोनों की मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।