Kullu Road Accident: शादी समारोह से लौट रहे थे 5 लोग, खाई में गिरी कार, चार की मौत, एक घायल

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। आनी उपमंडल के हरिपुर-नागन क्षेत्र में नेशनल हाईवे-305 पर एक कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सभी लोग एक शादी समारोह से लौट रहे थे।
तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि हादसा मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। कार में करीब पांच लोग सवार थे और सभी कुमारसैन के बड़ागांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे।
हरिपुर-नागन क्षेत्र में एनएच-305 पर पहुंचने के दौरान कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद घटनास्थल पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
चार लोगों की मौके पर मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राहुल राणा पुत्र जगदीश, विवेक राणा पुत्र हीरा सिंह, गुंजन पुत्र राम प्रकाश और बालकृष्ण पुत्र धिक राम के रूप में हुई है। चारों आनी उपमंडल के जाबो गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
हादसे की खबर गांव पहुंचते ही मृतकों के परिवारों में मातम छा गया। एक साथ चार लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
एक घायल, रामपुर अस्पताल रेफर
दुर्घटना में सुरेश कुमार पुत्र मोहन लाल घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रामपुर अस्पताल रेफर किया गया है। उनकी स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
DDMA को दी गई हादसे की सूचना
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) कुल्लू के अनुसार हादसे की जानकारी मिलते ही संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को सूचित किया गया। पुलिस कंट्रोल रूम कुल्लू के अलावा तहसीलदार आनी, एसडीके आनी और एसडीएम आनी को भी घटना की सूचना दी गई।प्रशासन और पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटीं और दुर्घटना से जुड़ी जानकारी एकत्र की गई।
हादसा कैसे हुआ? पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल हादसे की सटीक वजह सामने नहीं आई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कार किस परिस्थिति में अनियंत्रित हुई और सड़क से कैसे दुर्घटनाग्रस्त हुई। हादसे के कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
शादी समारोह से लौट रहे एक ही गांव के चार लोगों की मौत ने जाबो गांव और आसपास के क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है।




