काम की खबर: रविवार को भी खुलेंगे बैंक, RBI ने बदला नियम; 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल

नई दिल्ली। बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी और जरूरी खबर है। लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाओं के प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 27 सितंबर, रविवार को सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (RRBs) को सामान्य कार्यदिवस की तरह खोलने का निर्देश दिया है।
5 दिन तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने का था खतरा
दरअसल, 26 सितंबर को चौथा शनिवार है और इसके अगले दिन 27 सितंबर को रविवार है। इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। ऐसे में लगातार पांच दिनों तक बैंक शाखाओं के कामकाज पर असर पड़ने की स्थिति बन रही थी।
ग्राहकों को लंबे समय तक बैंकिंग सेवाओं के लिए इंतजार न करना पड़े, इसे देखते हुए रविवार को बैंक खोलने का फैसला लिया गया है।
SBI, PNB समेत सरकारी बैंक रहेंगे खुले
RBI के निर्देश के मुताबिक रविवार को SBI, PNB, Bank of Baroda समेत सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक सामान्य दिनों की तरह काम करेंगे। इसके अलावा क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRBs) की शाखाएं भी खुली रहेंगी।सिर्फ बैंक शाखाएं ही नहीं, बल्कि संबंधित प्रशासनिक कार्यालय और करेंसी चेस्ट भी सक्रिय रहेंगे।
ग्राहक रविवार को निपटा सकेंगे जरूरी काम
रविवार को बैंक खुलने से ग्राहकों को हड़ताल शुरू होने से पहले जरूरी शाखा-आधारित काम निपटाने का मौका मिलेगा। इस दौरान कैश जमा और निकासी, चेक से जुड़े काम और अन्य बैंकिंग लेनदेन किए जा सकेंगे।
28 से 30 सितंबर तक हड़ताल का आह्वान
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। ऐसे में ग्राहकों के लिए रविवार को बैंकिंग से जुड़े जरूरी काम पहले ही निपटा लेना उपयोगी रहेगा।





