#crime #प्रदेश

अंबिकापुर में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान बवाल, ट्रेनी DSP से मारपीट; कार में भी तोड़फोड़, 6 हिरासत में

Advertisement Carousel

 

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान रास्ता खाली कराने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि जुलूस में शामिल युवकों ने ट्रेनी डीएसपी और दरिमा थाना प्रभारी निशांत कुर्रे के साथ मारपीट कर दी। हमलावरों ने उनकी कार में भी जमकर तोड़फोड़ की और शीशे चकनाचूर कर दिए। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 युवकों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

रास्ता मांगने पर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, घटना 24 सितंबर की रात करीब 10 बजे मणिपुर थाना क्षेत्र में कंठी और जगदीशपुर के बीच हुई। ट्रेनी डीएसपी निशांत कुर्रे दरिमा थाना से लौटकर अपनी कार से अंबिकापुर की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान सड़क पर गणेश विसर्जन जुलूस डीजे के साथ गुजर रहा था और रास्ता पूरी तरह ब्लॉक था। डीएसपी ने कार निकालने के लिए जुलूस में शामिल लोगों से साइड देने को कहा। इसी बात को लेकर कुछ युवक उनसे उलझ गए।

दर्जनभर युवकों ने किया हमला

विवाद बढ़ने के बाद दर्जनभर युवकों ने कथित तौर पर डीएसपी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनकी कार को भी निशाना बनाया गया। आरोप है कि युवकों ने कार के शीशे तोड़ दिए और वाहन में जमकर तोड़फोड़ की।हमले में डीएसपी घायल हो गए, जिसके बाद उनका इलाज कराया गया।

6 युवक हिरासत में, बाकी की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही मणिपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हमले में शामिल होने के संदेह में 6 युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस अन्य संदिग्ध आरोपियों की तलाश में भी छापेमारी कर रही है।

FIR दर्ज, जांच जारी

अंबिकापुर एसडीओपी राकेश बघेल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। फरार संदिग्ध आरोपियों की तलाश जारी है।