#प्रदेश

Chhattisgarh Railway News: भारी बारिश से रेलवे ट्रैक पर जलभराव और धंसान, दुर्ग-दल्लीराजहरा सेक्शन में 5 ट्रेनों पर असर

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब रेल परिचालन पर भी पड़ने लगा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के रायपुर रेल मंडल के दुर्ग-दल्लीराजहरा सेक्शन में लाटाबोर और गुंडरदेही स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर जलभराव और ट्रैक धंसने की स्थिति सामने आई है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने इस रूट पर कुछ ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया है।

DRM समेत अधिकारियों ने लिया जायजा

स्थिति की जानकारी मिलते ही मंडल रेल प्रबंधक दयानंद समेत संरक्षा अधिकारियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। रेलवे की इंजीनियरिंग विभाग की तकनीकी टीम ट्रैक को दुरुस्त करने के काम में जुटी हुई है।

इन ट्रेनों का परिचालन रद्द और आंशिक रूप से प्रभावित

1. ट्रेन संख्या 78816 अंतागढ़-रायपुर
दल्लीराजहरा से रायपुर के बीच इसका परिचालन रद्द रहेगा।

2. ट्रेन संख्या 78815 रायपुर-अंतागढ़
26 सितंबर 2026 को यह ट्रेन रद्द रहेगी।

3. ट्रेन संख्या 78818 अंतागढ़-दुर्ग
26 सितंबर को यह ट्रेन दल्लीराजहरा से चलेगी। अंतागढ़ से दल्लीराजहरा के बीच इसकी सेवा रद्द रहेगी।

4. ट्रेन संख्या 68765 ताड़ोकी-रायपुर
26 सितंबर 2026 को यह ट्रेन रद्द रहेगी।

5. ट्रेन संख्या 68764 रायपुर-ताड़ोकी
26 सितंबर 2026 को इसका परिचालन रद्द रहेगा।

यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परिचालन में यह अस्थायी बदलाव किया है। संबंधित रेलखंड में ट्रैक की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इंजीनियरिंग टीम मरम्मत और बहाली के काम में जुटी है। स्थिति के अनुसार रेलवे आगे भी परिचालन संबंधी आवश्यक निर्णय लेगा।