#प्रदेश

GPM News: जिला अस्पताल के महिला टॉयलेट के फ्लश में मिला नवजात का शव, मचा हड़कंप; CCTV और DNA जांच में जुटी पुलिस

Advertisement Carousel

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिला अस्पताल परिसर में रविवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब महिला टॉयलेट के फ्लश के पास एक नवजात शिशु का शव बरामद हुआ। शव नाल और प्लेसेंटा सहित मिला। टॉयलेट से दुर्गंध आने के बाद अस्पताल के वार्ड बॉय ने जांच की, तब मामले का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को जानकारी दी।

दुर्गंध आने पर हुई शव की जानकारी

सिविल सर्जन डॉ. देवेंद्र पैकरा के मुताबिक, रविवार शाम टॉयलेट से दुर्गंध आने पर वार्ड बॉय ने निरीक्षण किया। इसी दौरान फ्लश के पास नवजात का शव पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अस्पताल के रिकॉर्ड में नहीं मिला कोई संबंध

घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने डिलीवरी रूम, लेबर वार्ड और भर्ती मरीजों के रिकॉर्ड की जांच की। सिविल सर्जन के अनुसार अस्पताल में प्रसव कराने वाली महिलाओं के नवजात शिशु स्वस्थ हैं। अस्पताल के लेबर रूम और वार्ड से मिले नवजात का कोई संबंध नहीं मिला है।

डॉ. पैकरा ने बताया कि अस्पताल के वार्ड संयुक्त हैं और वहां किसी महिला द्वारा बिना किसी की नजर में आए प्रसव करना मुश्किल है। ऐसे में प्रथम दृष्टया आशंका है कि किसी बाहरी व्यक्ति ने नवजात को अस्पताल परिसर में लाकर फेंका हो। हालांकि, इसकी पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

गौरेला थाना प्रभारी शानिप रात्रे ने बताया कि वार्ड बॉय की सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अस्पताल परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों की पिछले दो से तीन दिनों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की जा सके।

DNA सैंपल जांच के लिए भेजे

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के साथ ही DNA सैंपल भी सुरक्षित कराकर विधि-विज्ञान प्रयोगशाला भेजे हैं। पुलिस अज्ञात परिजनों और संदिग्धों की पहचान में जुटी है।

पुलिस और अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, DNA रिपोर्ट, CCTV फुटेज और विस्तृत जांच के बाद ही नवजात की पहचान और पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।