CG crime News : आरंग में डबल मर्डर से सनसनी, घर में बुजुर्ग दंपती की हत्या; धारदार हथियार से वार की आशंका

आरंग। रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम बीरबीरा में बुजुर्ग दंपती की हत्या से सनसनी फैल गई। गांव में अपने घर में रह रहे 65 वर्षीय सदासी राम साहू और उनकी 62 वर्षीय पत्नी आसबती साहू की अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी। वारदात की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
धारदार हथियार से हत्या की आशंका
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला नुकीले और धारदार हथियार से हमला कर हत्या किए जाने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि हत्या के पीछे की वजह और वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के बारे में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
डॉग स्क्वाड और FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
दोहरी हत्या की वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस हत्या से जुड़े हर संभावित पहलू की जांच कर रही है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।




