Bastar Dussehra Accident: बस्तर दशहरा में बड़ा हादसा, विजय रथ के पहिए से कुचलकर एक की मौत, दूसरे का पैर कटा

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा में भीतर रैनी की रस्म से पहले दर्दनाक हादसा हो गया। आठ चक्कों वाले विजय रथ के पहिए की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि हादसे में घायल दूसरे व्यक्ति का पैर कट गया है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और विजय रथ की गतिविधियां रोक दी गईं। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल ले जाया गया। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
भीतर रैनी की रस्म से पहले हादसा
जानकारी के मुताबिक, बस्तर दशहरा की महत्वपूर्ण रस्म भीतर रैनी के दौरान आठ चक्कों वाले विजय रथ को जगदलपुर के गोलबाजार की परिक्रमा कराई जाती है। इस अनूठी परंपरा को देखने के लिए हर साल हजारों की संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग जुटते हैं। बुधवार को भी रथ की परिक्रमा से पहले बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान एक व्यक्ति विजय रथ के पहिए की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
माता दंतेश्वरी का छत्र रथ पर विराजित होने से पहले हादसा
हादसे के वक्त तक माता दंतेश्वरी का छत्र विजय रथ पर विराजित नहीं हुआ था। बस्तर दशहरा की परंपरा के अनुसार, मावली परघाव की रस्म के बाद माता दंतेश्वरी के छत्र को आठ चक्कों वाले विजय रथ पर विराजित किया जाता है। इसके बाद रथ को गोलबाजार की परिक्रमा कराई जाती है।
भारी भीड़ के बीच मची अफरा-तफरी
भीतर रैनी की रस्म को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। भीड़ के बीच हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एहतियातन विजय रथ की गतिविधियां रोक दी गईं। फिलहाल मृतक की पहचान और हादसे के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।




