Mohan Bhagwat Bilaspur Visit: बिलासपुर पहुंचे RSS प्रमुख मोहन भागवत, दो दिन तक संगठनात्मक बैठकों में होंगे शामिल

बिलासपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत गुरुवार दोपहर बिलासपुर पहुंचे। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान वे संघ के प्रांतीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान संगठनात्मक विषयों पर चर्चा के साथ प्रांत स्तरीय बैठक में भी शामिल होंगे। उनके आगमन को देखते हुए रेलवे स्टेशन से लेकर बिरकोना स्थित आवासीय विद्यालय तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
इंटरसिटी एक्सप्रेस से पहुंचे मोहन भागवत
सरसंघचालक मोहन भागवत इंटरसिटी एक्सप्रेस से बिलासपुर पहुंचे। उनके आगमन को लेकर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी स्टेशन पर मौजूद रहे।
रेलवे स्टेशन से मोहन भागवत का काफिला कड़ी सुरक्षा के बीच बिरकोना स्थित सरस्वती शिशु मंदिर आवासीय विद्यालय के लिए रवाना हुआ। उनके प्रवास को लेकर विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है।
आज प्रांतीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से करेंगे मुलाकात
प्रवास के पहले दिन मोहन भागवत की मुलाकात संघ के प्रांतीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से प्रस्तावित है। इस दौरान संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।
वहीं, शुक्रवार को प्रांत स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
शुक्रवार रात जबलपुर के लिए होंगे रवाना
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रांत स्तरीय बैठक के बाद मोहन भागवत शुक्रवार रात अमरकंटक एक्सप्रेस से जबलपुर के लिए रवाना होंगे।
उनके दो दिवसीय प्रवास को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमें अलर्ट पर हैं। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।




