Raipur News: अंगदान के संदेश के साथ रायपुर में निकला ‘ILS Walkathon 2.0’, 3500 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा

रायपुर। अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से रविवार को रायपुर के मरीन ड्राइव में ‘ILS Walkathon 2.0’ का आयोजन किया गया। ‘चलो साथ चलें, जीवन के लिए चलें’ थीम पर आयोजित इस अभियान में 3500 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। वहीं, आयोजकों के अनुसार, 8000 से अधिक लोगों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर अभियान को समर्थन दिया।
अंगदान के संदेश के साथ सड़कों पर उतरे लोग
आईएलएस हॉस्पिटल, रायपुर की ओर से आयोजित इस वॉकथॉन में शहर के गणमान्य नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, स्वास्थ्यकर्मियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों के हाथों में अंगदान के महत्व को दर्शाने वाले बैनर और तख्तियां थीं। इनके जरिए लोगों को अंगदान के प्रति जागरूक होने और जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने में योगदान देने का संदेश दिया गया।
दिग्गजों ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान, पद्मश्री अनुज शर्मा, डीजीपी राजीव श्रीवास्तव, सहायक पुलिस महानिरीक्षक (यातायात) संजय शर्मा, आईएलएस हॉस्पिटल ग्रुप के ग्रुप सीओओ डॉ. विशाल गोयल और सीओओ डॉ. सौरभ चोरड़िया सहित वरिष्ठ चिकित्सकों ने हरी झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने अंगदान के महत्व पर विचार साझा किए और लोगों से इस जीवनरक्षक अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने और समाज में सकारात्मक संदेश देने के लिए प्रेरित किया।
विशेषज्ञ डॉक्टरों ने भी लिया हिस्सा
वॉकथॉन में आईएलएस हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। इनमें रीनल साइंस एवं ट्रांसप्लांट फिजिशियन के क्लिनिकल लीड डॉ. प्रवाश चौधरी, यूरोलॉजिस्ट एवं ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. हर्ष जैन, कंसल्टेंट गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. हनीश शर्मा, पैंक्रियाटिक सर्जरी एवं लिवर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. हितेश दुबे और कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. कुणाल ओस्तवाल शामिल रहे।
डॉक्टरों ने प्रतिभागियों के साथ पैदल चलकर अंगदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को अंगदान की प्रक्रिया, उसके महत्व और इससे जरूरतमंद मरीजों को मिलने वाले जीवन के अवसरों के बारे में जागरूक करना रहा।
लकी ड्रॉ में ईवी स्कूटर और टैबलेट के पुरस्कार
वॉकथॉन के समापन पर प्रतिभागियों के लिए लकी ड्रॉ आयोजित किया गया। इसके विजेताओं को ईवी स्कूटर, टैबलेट और अन्य उपहार दिए गए। पुरस्कार वितरण ने कार्यक्रम में उत्साह बढ़ाया।
आगे भी जारी रहेंगे जागरूकता अभियान
आईएलएस हॉस्पिटल, रायपुर के मार्केटिंग हेड सतनाम सिंह ने आयोजन को सफल बनाने के लिए अतिथियों, प्रतिभागियों, मीडिया प्रतिनिधियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों को स्वास्थ्य और अंगदान के महत्व के प्रति जागरूक किया जा सके।





