#प्रदेश

CG News: रायपुर पहुंची वायुसेना की ‘सारंग’ टीम, दो महिला पायलट भी दिखाएंगी आसमानी शौर्य; CM साय ने किया स्वागत

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के मौके पर नवा रायपुर में होने वाले भव्य हेलीकॉप्टर एयर शो के लिए भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध ‘सारंग’ हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम रायपुर पहुंच गई है। टीम के पांच जांबाज पायलट 2 नवंबर को सेंध लेक क्षेत्र में आसमान में अपने अद्भुत करतब दिखाएंगे। खास बात यह है कि टीम में दो महिला पायलट भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सीएम हाउस में टीम का स्वागत किया और उनके साहस, कौशल तथा अनुशासन की सराहना की।

दो महिला पायलटों के साहस को CM साय ने सराहा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सारंग टीम में शामिल स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि इन महिला पायलटों का साहस और आत्मविश्वास छत्तीसगढ़ की बेटियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा और गौरव बढ़ाने में महिलाओं की भागीदारी गर्व का विषय है।

टीम से मुलाकात के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में प्रदर्शन का अवसर मिलने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने राज्य स्थापना दिवस समारोह का हिस्सा बनने को टीम के लिए गर्व और सम्मान की बात बताया।

2 नवंबर को सुबह 11 बजे होगा भव्य एयर शो

नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में 2 नवंबर को सुबह 11 बजे सारंग टीम का हवाई प्रदर्शन शुरू होगा। इस दौरान पांच स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टर आसमान में सटीक उड़ान, अद्भुत सामंजस्य और रोमांचक करतबों का प्रदर्शन करेंगे। इस विशेष एयर शो का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे।

सारंग टीम की सबसे बड़ी खासियत हेलीकॉप्टरों की बेहद नजदीकी सामूहिक उड़ान और निर्धारित संरचनाओं में सटीक संचालन है। आसमान में एक साथ उड़ान भरते हेलीकॉप्टरों की बदलती आकृतियां दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगी।

मोर से प्रेरित है सारंग हेलीकॉप्टरों का डिजाइन

भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम अपने शानदार हवाई प्रदर्शन और बेहतरीन तालमेल के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखती है। टीम भारत में विकसित उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर (ALH) ‘ध्रुव’ का इस्तेमाल करती है।

सारंग हेलीकॉप्टरों का आकर्षक रंग संयोजन और विशेष डिजाइन भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित है। आसमान में रंग-बिरंगे हेलीकॉप्टरों की सामूहिक उड़ान, सटीक मोड़ और एक साथ बदलती संरचनाएं दर्शकों को रोमांचित करती हैं।

राज्योत्सव में आसमान में दिखेगा भारतीय वायुसेना का शौर्य

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के दौरान होने वाला यह एयर शो लोगों के लिए खास आकर्षण रहेगा। सारंग टीम का प्रदर्शन भारतीय वायुसेना की तकनीकी दक्षता, अनुशासन, साहस और सामूहिक समन्वय का शानदार उदाहरण पेश करेगा। नवा रायपुर में होने वाले इस आयोजन से राज्योत्सव की भव्यता और बढ़ने की उम्मीद है।