धनतेरस की खुशियां मातम में बदलीं: करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत, पत्नी गंभीर; बचाने की कोशिश में तीनों झुलसे

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में धनतेरस के दिन एक दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। दीपावली की सफाई के दौरान करंट लगने से प्रतिष्ठित कपड़ा व्यवसायी राकेश गुप्ता और उनके बेटे ओम गुप्ता की मौत हो गई, जबकि पत्नी वर्षा गुप्ता गंभीर रूप से झुलस गईं। उनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। हादसा शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे नेहरू चौक स्थित गुप्ता सदन में हुआ।
छत की सफाई करते समय बिजली के तार से टकराई झाड़ू
मिली जानकारी के अनुसार, बजरंग कपड़ा बाजार के व्यवसायी राकेश गुप्ता दीपावली की तैयारियों के तहत सुबह अपने मकान की छत की गैलरी में सफाई कर रहे थे। इस दौरान वे झाड़ू से छत और गैलरी में लगे जाले निकाल रहे थे। तभी झाड़ू ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार के संपर्क में आ गई। इससे राकेश गुप्ता करंट की चपेट में आ गए।
माता-पिता को बचाने दौड़ा बेटा, वह भी आया करंट की चपेट में
पति को करंट से छटपटाते देख पत्नी वर्षा गुप्ता उन्हें बचाने पहुंचीं, लेकिन वह भी बिजली के करंट की चपेट में आ गईं। माता-पिता को संकट में देखकर बेटा ओम गुप्ता भी उन्हें बचाने दौड़ा। इस दौरान वह भी गंभीर रूप से झुलस गया।
हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में तीनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने राकेश गुप्ता और उनके बेटे ओम गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल वर्षा गुप्ता का उपचार जारी है।
जिला अस्पताल में उमड़ी लोगों की भीड़, व्यापारी जगत में शोक
धनतेरस के दिन हुए इस हादसे की खबर फैलते ही पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में व्यापारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, मोहल्लेवासी और आसपास के गांवों के लोग जिला अस्पताल पहुंचने लगे।
एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से हर कोई स्तब्ध है। त्योहार की खुशियों के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे बलौदाबाजार को गमगीन कर दिया। लोग घायल वर्षा गुप्ता के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।





