#प्रदेश

दीपावली पर मेकाहारा अलर्ट, 8 और 9 नवंबर को ओपीडी रहेगी बंद; इमरजेंसी सेवाएं रहेंगी चालू

Advertisement Carousel

रायपुर। दीपावली के मद्देनजर राजधानी के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। त्योहार के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल प्रबंधन ने सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। डॉक्टरों से लेकर नर्सिंग स्टाफ तक को इमरजेंसी सेवाओं के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने सभी विभागों को आवश्यक दवाइयों, इंजेक्शन और जीवनरक्षक मेडिकल उपकरणों का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने और इलाज में किसी तरह की देरी नहीं होने देने पर जोर दिया गया है।

8 और 9 नवंबर को बंद रहेगी ओपीडी
दीपावली और गोवर्धन पूजा के अवकाश के चलते मेकाहारा की नियमित ओपीडी दो दिनों तक बंद रहेगी। 8 नवंबर को रविवार और 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा के कारण ओपीडी में मरीजों को नियमित परामर्श नहीं मिल सकेगा। हालांकि, अस्पताल की इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे चालू रहेंगी।

10 नवंबर से फिर मिलेगी ओपीडी की सुविधा
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, 7 नवंबर को छोटी दीपावली यानी नरक चतुर्दशी के दिन ओपीडी सामान्य रूप से संचालित होगी। इसके बाद 8 और 9 नवंबर को अवकाश रहेगा। 10 नवंबर मंगलवार से ओपीडी की नियमित सेवाएं दोबारा शुरू हो जाएंगी।

अस्पताल प्रबंधन ने त्योहार के दौरान लोगों से स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचने की अपील की है।