बस्तर में जवानों संग दिवाली मनाते दिखे PM मोदी, ‘येदे बस्तर मोचो काय सुंदर माटी’ पर महिला जवानों ने किया डांस, तालियां बजाकर झूमे प्रधानमंत्री

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में इस बार दीपावली का उत्सव देशभक्ति और आदिवासी संस्कृति के अनूठे संगम का गवाह बना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बस्तर दौरे के दौरान करणपुर स्थित CRPF कैंप में सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दीपावली मनाई। इस दौरान लोकगीतों की धुन पर जवानों ने जमकर जश्न मनाया। बस्तर के लोकप्रिय लोकगीत ‘येदे बस्तर मोचो काय सुंदर माटी’ की धुन बजते ही महिला जवान पारंपरिक नृत्य करने लगीं। जवानों के उत्साह को देखकर प्रधानमंत्री मोदी भी खुद को रोक नहीं पाए। वे तालियां बजाते और जवानों के साथ झूमते नजर आए।
लोकगीत की धुन पर थिरकीं महिला जवान, पीएम मोदी ने भी बढ़ाया उत्साह
दीपावली के इस खास आयोजन में बस्तर की लोकसंस्कृति की शानदार झलक देखने को मिली। जैसे ही लोकप्रिय लोकगीत ‘येदे बस्तर मोचो काय सुंदर माटी’ की धुन गूंजी, महिला सुरक्षा जवानों ने पारंपरिक अंदाज में नृत्य शुरू कर दिया।
महिला जवानों ने प्रधानमंत्री मोदी को भी अपने बीच शामिल किया और उनके चारों ओर घूमकर लोकनृत्य की प्रस्तुति दी। इस दौरान पीएम मोदी मुस्कुराते हुए तालियां बजाते और जवानों का उत्साह बढ़ाते दिखाई दिए।
लोकगीत के बोल में बस्तर की मिट्टी, प्राकृतिक खूबसूरती और स्थानीय पहचान की झलक मिलती है। आदिवासी संस्कृति की धुनों के बीच जवानों की खुशी और प्रधानमंत्री की मौजूदगी ने इस दीपावली समारोह को यादगार बना दिया।
CRPF, कोबरा, DRG और बस्तर फाइटर्स के जवानों से की मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को बस्तर दौरे के दौरान करणपुर स्थित CRPF की कोबरा बटालियन के कैंप पहुंचे। यहां उन्होंने CRPF, कोबरा, DRG और बस्तर फाइटर्स के जवानों से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने जवानों के अदम्य साहस, समर्पण और देश के प्रति सेवाभाव की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
इस दौरान उन्होंने देश की सुरक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। देशभक्ति गीतों, भारत माता की जय और जय हिंद के नारों के बीच जवानों ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।

ढाई घंटे तक कैंप में रहे पीएम मोदी, जवानों ने जताई खुशी
प्रधानमंत्री मोदी करीब ढाई घंटे तक करणपुर कैंप में रहे। इसके बाद वे जगदलपुर के मां दंतेश्वरी विमानतल पहुंचे और वहां से विमान के जरिए रायपुर के लिए रवाना हुए।
इस दौरान CRPF कोबरा के एक जवान ने प्रधानमंत्री से मुलाकात पर खुशी जताई। जवान के मुताबिक, नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में सुरक्षा बलों के प्रयासों को लेकर प्रधानमंत्री ने जवानों की सराहना की और उन्हें बधाई दी।
‘दिमागी नक्सलियों’ को लेकर राजनीतिक संगठनों को किया सतर्क
जवानों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिमागी नक्सलवाद का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि जंगलों से सशस्त्र नक्सलवाद का सफाया हो चुका है, लेकिन खतरा अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।
पीएम मोदी ने राजनीतिक दलों और विभिन्न संगठनों में मौजूद बताए जा रहे ‘दिमागी नक्सलियों’ को लेकर सतर्क रहने की बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि नक्सली विभिन्न संगठनों में घुसपैठ कर लोगों को संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ उकसाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने ऐसे तत्वों की पहचान कर उनका मुकाबला करने की जरूरत पर जोर दिया।
बस्तर में जवानों के साथ प्रधानमंत्री की यह दीपावली देशभक्ति, सुरक्षा बलों के सम्मान और आदिवासी लोकसंस्कृति के खूबसूरत संगम के रूप में नजर आई।





