#प्रदेश

सूरजपुर में हाथियों का कहर: एक ही रात दो अलग-अलग घटनाओं में दो ग्रामीणों की मौत, गांवों में दहशत

Advertisement Carousel

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाथियों ने एक ही रात दो अलग-अलग घटनाओं में दो ग्रामीणों की जान ले ली। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

दो अलग-अलग जगहों पर हाथियों ने ली जान

हाथी के हमले में मौत की पहली घटना प्रतापपुर क्षेत्र के सकलपुर में हुई। यहां कबरा कान वाले हाथी ने एक ग्रामीण पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

वहीं, दूसरी घटना सूरजपुर वन परिक्षेत्र के सलका बीट अंतर्गत सोनपुर गांव में हुई। यहां भी एक हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत हो गई।

धान की फसल की रखवाली कर रहा था ग्रामीण

जानकारी के अनुसार, सोनपुर ग्राम पंचायत के पण्डोपारा निवासी 40 वर्षीय मट्टूलाल पिता लालसाय घर के पास अपने धान के खेत की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान अचानक हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हमले में मट्टूलाल की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, एक ही रात में दो लोगों की मौत के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में जंगली हाथियों को लेकर भय और चिंता बढ़ गई है।