#प्रदेश

सागर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और अर्टिगा कार की आमने-सामने टक्कर, 4 लोगों की मौत; 5 गंभीर घायल

Advertisement Carousel

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में नेशनल हाईवे-44 पर सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। गोपालपुरा के पास तेज रफ्तार ट्रक और अर्टिगा कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

अमावस्या पर नर्मदा स्नान के लिए जा रहे थे सभी

जानकारी के अनुसार, अर्टिगा कार में सवार सभी लोग अमावस्या के अवसर पर नर्मदा स्नान करने के लिए ग्राम भैंसा से नरसिंहपुर जिले के बरमान जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-44 पर गोपालपुरा के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलते ही देवरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और तत्काल देवरी अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि पांच घायलों का इलाज जारी है। सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे में इन चार लोगों की हुई मौत

  1. माखन यादव (पिता मुन्नीलाल यादव), निवासी बिलहरी।

  2. संतोष तिवारी (पिता बद्री प्रसाद तिवारी), निवासी महागोद, थाना राहतगढ़।

  3. नीरज मिश्रा, निवासी भैंसा।

  4. ठाकुर साहब (वास्तविक नाम अज्ञात), निवासी सुभाष नगर, मोती नगर, सागर।

ये पांच लोग गंभीर रूप से घायल

  1. देवेंद्र सेन (पिता रामदास सेन), निवासी नरयावली।

  2. राहुल नामदेव (पिता परसोत्तम नामदेव), निवासी जनता स्कूल के पास, पुरव्याऊ टौरी।

  3. रामगोपाल (पिता जूजे), निवासी ग्राम नैतना, बांदरी।

  4. प्रहलाद विश्वकर्मा, निवासी रामनगर, थाना कैंट, सागर।

  5. अनिकेत (पिता प्रवीण शर्मा), निवासी भैंसा, कार चालक।

फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के बाद ट्रक चालक के फरार होने से पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। एक साथ चार लोगों की मौत से मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।