करीना कपूर के पेंडेंट पर विवाद, 400 साल पुरानी शाही धरोहर को लेकर कानूनी नोटिस; माफी की मांग

भोपाल: बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान एक इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर विवादों में घिर गई हैं। उनके पोस्ट में नजर आए एक पेंडेंट पर कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने आपत्ति जताई है। उन्होंने अभिनेत्री को कानूनी नोटिस भेजकर संबंधित पोस्ट हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। हफीज का दावा है कि करीना ने जो पेंडेंट पहना है, वह भोपाल के पूर्व शाही परिवार की लगभग 400 साल पुरानी ऐतिहासिक धरोहर है। इस पेंडेंट पर कुरान की आयतें अंकित हैं, ऐसे में इसे फैशन एक्सेसरी के रूप में इस्तेमाल करना धार्मिक भावनाओं से जुड़ा संवेदनशील मामला है।
पेंडेंट पर कुरान की आयतें लिखे होने का दावा
कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने अपने वकील जफर के माध्यम से भोपाल कोर्ट के जरिए करीना कपूर खान को कानूनी नोटिस भेजा है। उनका कहना है कि अभिनेत्री के पहनावे या उनके द्वारा इस्तेमाल की गई कलगी (प्लूम) को लेकर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन पेंडेंट को जिस तरह फैशन के तौर पर प्रदर्शित किया गया है, वह उन्हें स्वीकार्य नहीं है।
हफीज के मुताबिक, यह पेंडेंट भोपाल की तत्कालीन शासक शाहजहां बेगम और सुल्तान जहां बेगम ने धार्मिक उद्देश्य और इबादत के लिए बनवाया था। इस पर कुरान की आयतें लिखी हुई हैं, जिनका इस्लाम में विशेष महत्व है। उनका कहना है कि ऐसी धार्मिक धरोहर को केवल सजावट या फैशन की वस्तु के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।
पोस्ट हटाने के साथ सार्वजनिक माफी की मांग
कानूनी नोटिस में अब्बास हफीज ने करीना कपूर खान से संबंधित इंस्टाग्राम पोस्ट हटाने, सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं होने का आश्वासन देने की मांग की है।
कांग्रेस नेता का कहना है कि ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व से जुड़ी वस्तुओं के इस्तेमाल में विशेष सावधानी और संवेदनशीलता बरती जानी चाहिए। फिलहाल इस विवाद पर करीना कपूर खान की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं है।




