मणिपुर में फिर खूनी वारदात, उखरुल में दो गाड़ियों पर अंधाधुंध फायरिंग; 2 महिलाओं समेत 4 की मौत

इंफाल: मणिपुर में हिंसा की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। उखरुल जिले में शुक्रवार को संदिग्ध उग्रवादियों ने दो चारपहिया वाहनों को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलीबारी की। इस हमले में दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों वाहनों में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और चारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
इंफाल-उखरुल सड़क पर दो गाड़ियों को बनाया निशाना
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना इंफाल-उखरुल सड़क पर न्यू हेवन इलाके में हुई। यहां हथियारबंद संदिग्ध उग्रवादियों ने दो चारपहिया वाहनों पर गोलियां बरसा दीं। दोनों गाड़ियों में सवार दो पुरुष और दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को दोनों वाहनों के सामने वाले शीशों पर गोलियों के निशान मिले हैं।
एक दिन पहले भी हुई थी गोलीबारी, महिला की गई थी जान
मणिपुर में यह घटना एक दिन बाद सामने आई है, जब कांगपोकपी जिले के ताफू कुकी गांव और पड़ोसी सेनापति जिले के कैलेंगजांग के पास दो गुटों के बीच गोलीबारी हुई थी। इस दौरान 42 वर्षीय कुकी महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि दो पुरुष घायल हुए थे। लगातार हो रही हिंसक घटनाओं ने राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
मई 2023 से जारी है मणिपुर में जातीय हिंसा
गौरतलब है कि मणिपुर में मई 2023 में मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जातीय हिंसा शुरू हुई थी। घाटी में रहने वाले मैतेई समुदाय और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले कुकी समुदाय के बीच शुरू हुई इस हिंसा में अब तक कम से कम 306 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 49 लोग अब भी लापता हैं और हजारों लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं।
कुकी और नागा समुदायों के बीच भी बढ़ा तनाव
इस साल फरवरी से राज्य के पहाड़ी जिलों में कुकी और नागा समुदायों के बीच भी झड़पें हो रही हैं। इन घटनाओं में अब तक कम से कम 50 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही गोलीबारी और हिंसक घटनाओं से मणिपुर में शांति बहाली की चुनौती और गंभीर होती जा रही है।




