बीजापुर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, माओवादियों के 3 डंप बरामद; 136 बीजीएल सेल और 1400 फीट कार्डेक्स वायर जब्त

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। पामेड़ और गंगालूर थाना क्षेत्रों में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान माओवादियों के तीन गुप्त डंप बरामद किए गए हैं। इनसे 136 बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर समेत भारी मात्रा में माओवादी सामग्री जब्त की गई है। खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने अलग-अलग इलाकों में यह कार्रवाई की।
पामेड़ के जंगलों में मिला 103 बीजीएल सेल का डंप
जानकारी के मुताबिक, थाना पामेड़ क्षेत्र के तुमरेल और सिंगमपल्ली के जंगलों में खुफिया सूचना के आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इसमें डीआरजी, डॉग स्क्वाड (K-9) और 208 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम शामिल थी।
सर्चिंग के दौरान संदिग्ध ठिकानों की पहचान कर डॉग स्क्वाड की मदद से माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप को बरामद किया गया। यहां से 103 बीजीएल सेल समेत अन्य माओवादी सामग्री जब्त की गई।
गंगालूर में दो डंप से 33 बीजीएल सेल और कार्डेक्स वायर बरामद
वहीं, थाना गंगालूर क्षेत्र के एफओबी कुप्पागुड़ा अंतर्गत लेकामपारा के जंगलों में भी सुरक्षा बलों ने सर्च अभियान चलाया। इस अभियान में सीआरपीएफ की 199वीं बटालियन, कोबरा की 204वीं बटालियन और डॉग स्क्वाड (K-9) वेस्पा की संयुक्त टीम शामिल थी।
सर्चिंग के दौरान यहां माओवादियों के दो डंप मिले। इनसे 33 बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर और अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई।
पामेड़ और गंगालूर थाने में वैधानिक कार्रवाई जारी
सुरक्षा बलों ने खुफिया सूचनाओं के आधार पर यह संयुक्त अभियान संचालित किया था। तीनों डंप से बरामद बीजीएल सेल, कार्डेक्स वायर और अन्य माओवादी सामग्री को जब्त कर लिया गया है। मामले में थाना पामेड़ और थाना गंगालूर में अलग-अलग वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




