महादेव सट्टा एप पर CBI का बड़ा एक्शन: सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी, करोड़ों के नेटवर्क की जांच तेज

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की कार्रवाई तेज हो गई है। एप के प्रमुख प्रमोटरों में शामिल सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद जांच एजेंसी ने देश के 6 राज्यों में बड़ी कार्रवाई की है। CBI ने पैनल ऑपरेटरों से जुड़े 33 ठिकानों पर छापेमारी कर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के नेटवर्क का खुलासा किया है। छापेमारी के दौरान कई जगहों पर लाइव सट्टेबाजी के पैनल संचालित होते मिले, जिन्हें तत्काल बंद करा दिया गया।
33 ठिकानों पर छापेमारी, डिजिटल सबूत जब्त
CBI के मुताबिक, छापेमारी के दौरान जांच टीमों को मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं। शुरुआती जांच में म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल के संकेत भी मिले हैं। एजेंसी को आशंका है कि सट्टेबाजी से जुटाई गई रकम को अलग-अलग बैंक खातों के जरिए इधर-उधर किया जाता था और बाद में हवाला के माध्यम से विदेश भेजा जाता था।
ओमान से प्रत्यर्पण के बाद गिरफ्तार हुआ सौरभ चंद्राकर
बता दें कि महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। इसके बाद 1 नवंबर को CBI ने उसे गिरफ्तार किया। रायपुर की विशेष CBI अदालत ने उसे 8 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेजा था। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद 12 नवंबर को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पूछताछ में खुला पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क का राज
CBI के अनुसार, पूछताछ के दौरान सौरभ चंद्राकर ने महादेव सट्टा एप के संचालन और भारत में फैले पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क से जुड़ी जानकारी दी। इसके बाद जांच एजेंसी ने दस्तावेजी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अलग-अलग राज्यों में कार्रवाई की।
म्यूल अकाउंट से हवाला तक फैला था सट्टेबाजी का नेटवर्क
जांच एजेंसी के मुताबिक, महादेव ऑनलाइन बुक का संचालन विदेश स्थित मुख्य कार्यालय के जरिए किया जाता था। भारत में पैनल ऑपरेटरों का बड़ा नेटवर्क सक्रिय था। ये ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी संभालने से लेकर सट्टेबाजी की रकम जमा कराने तक का काम करते थे।
जांच में सामने आया है कि सट्टेबाजी से प्राप्त रकम ऐसे बैंक खातों में जमा कराई जाती थी, जो दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए थे या किराए पर लिए गए थे। इसके बाद हवाला नेटवर्क के जरिए मुनाफे को विदेश भेजा जाता था।
दो FIR दर्ज, विदेश में बैठे आरोपियों पर भी नजर
छत्तीसगढ़ सरकार से मामला मिलने के बाद CBI ने महादेव ऑनलाइन बुक से संबंधित दो FIR दर्ज की हैं। जांच एजेंसी अब विदेश में मौजूद आरोपियों, नेटवर्क को संचालित करने में मदद करने वाले लोगों और कथित तौर पर शामिल सरकारी अधिकारियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी जारी है।




