#धार्मिक

Chhath Puja 2026 Sandhya Arghya: आज छठ महापर्व पर डूबते सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य, जानें सूर्यास्त का समय और सूर्यदेव के शक्तिशाली मंत्र

Advertisement Carousel

Chhath Puja 2026: लोक आस्था के महापर्व छठ का आज तीसरा दिन है। 15 नवंबर, रविवार को कार्तिक शुक्ल षष्ठी तिथि पर छठव्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। नहाय-खाय और खरना के बाद आज व्रती महिलाएं 36 घंटे के निर्जला व्रत का पालन करते हुए परिवार के साथ छठ घाटों पर पहुंचेंगी। वहां नदी, तालाब और जलाशयों में खड़े होकर डूबते सूर्यदेव को अर्घ्य दिया जाएगा और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा की जाएगी। शाम होते ही घाटों पर छठ गीतों और भक्ति के माहौल के बीच श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ेगी। मान्यता है कि छठी मैया की पूजा संतान की सुख-समृद्धि और सूर्यदेव की आराधना आरोग्य, दीर्घायु तथा परिवार की खुशहाली के लिए की जाती है।

छठ पूजा 2026: डूबते सूर्य को अर्घ्य देने का समय

छठ महापर्व में संध्या अर्घ्य का विशेष महत्व है। इस दिन व्रती महिलाएं छठी मैया की पूजा-अर्चना करने के बाद जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देती हैं। इस दौरान सूप में फल, ठेकुआ, नारियल और पारंपरिक प्रसाद सजाया जाता है।

पंचांग के अनुसार, आज 15 नवंबर को सूर्यास्त का समय शाम 5 बजकर 27 मिनट है। इसी समय सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। हालांकि, अलग-अलग शहरों में स्थानीय सूर्यास्त के समय के अनुसार अर्घ्य देने का समय थोड़ा अलग हो सकता है।

संध्या अर्घ्य · 15 नवंबर 2026

शाम 5:27 बजे

सूर्यास्त का अनुमानित समय

पर्व: छठ महापर्व का तीसरा दिन

तिथि: कार्तिक शुक्ल षष्ठी

दिन: रविवार

सूर्यदेव को अर्घ्य देते समय करें इन मंत्रों का जाप

छठ पूजा के दौरान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते समय मंत्रों का जाप करना शुभ माना जाता है। यहां जानिए सूर्यदेव के कुछ प्रमुख मंत्र।

1. सूर्यदेव का मंत्र

ॐ नमः सूर्याय शान्ताय सर्वरोग निवारिणे।

आयुरारोग्यमैश्वर्यं देहि देवः जगत्पते॥

2. सूर्य बीज मंत्र

ॐ ह्रां ह्रीं ह्रौं सः सूर्याय नमः।

3. सूर्य गायत्री मंत्र

ॐ भास्कराय विद्महे महाद्युतिकराय धीमहि।

तन्नो आदित्यः प्रचोदयात्॥

4. आदित्य हृदय स्तोत्र

आदित्यहृदयं पुण्यं सर्वशत्रुविनाशनम्।

जयावहं जपेन्नित्यमक्षयं परमं शिवम्॥

शाम से ही छठ घाटों पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

छठ महापर्व के इस विशेष अवसर पर व्रती महिलाएं दोपहर बाद से ही परिवार के साथ घाटों पर पहुंचना शुरू कर देंगी। वहां छठी मैया और सूर्यदेव की पूजा के लिए धूप-दीप जलाए जाएंगे। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाएं छठी मैया के गीत गाते हुए पूजा-अर्चना करेंगी।

सूर्यास्त के समय व्रती महिलाएं जल में खड़े होकर सूर्यदेव को जल और दूध से अर्घ्य अर्पित करेंगी। इस दौरान सूर्यदेव की परिक्रमा और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना भी की जाएगी। कई श्रद्धालु पूरी रात छठ घाट पर रुककर अगले दिन उगते सूर्य के अर्घ्य की प्रतीक्षा करते हैं।

छठ पूजा में महिलाओं के श्रृंगार का भी विशेष महत्व है। इस दिन व्रती महिलाएं पारंपरिक वस्त्र धारण करती हैं और नाक से मांग तक लंबा सिंदूर लगाती हैं।

कल उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा छठ महापर्व का समापन

16 नवंबर, सोमवार को छठ महापर्व का चौथा और अंतिम दिन होगा। सुबह व्रती महिलाएं उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसके बाद छठी मैया की पूजा कर 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया जाएगा। इसी के साथ चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन होगा।

Chhath Puja 2026 Sandhya Arghya: आज छठ महापर्व पर डूबते सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य, जानें सूर्यास्त का समय और सूर्यदेव के शक्तिशाली मंत्र

Aaj Ka Rashifal 15 November 2026: आज