#प्रदेश

बस्तर में बदल रही तस्वीर, खेल के मैदान से शिक्षा के मंच तक आदिवासी युवाओं ने बढ़ाए कदम : नितिन नवीन

Advertisement Carousel

जनजातीय गौरव दिवस पर धरमजयगढ़ के राज्यस्तरीय समारोह को वर्चुअली किया संबोधित, बोले- बस्तर में अब युवाओं को मिल रहे आगे बढ़ने के नए अवसर, बस्तर ओलंपिक में प्रतिभागियों की संख्या चार लाख के करीब पहुंची

नई दिल्ली/धरमजयगढ़, 15 नवंबर। छत्तीसगढ़ के आदिवासी अंचलों में विकास और बदलाव की नई संभावनाएं आकार ले रही हैं। कभी नक्सलवाद और हिंसा के लिए पहचाने जाने वाले बस्तर में अब खेल, शिक्षा और युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। खेल के मैदानों में बढ़ती भागीदारी से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं में आदिवासी विद्यार्थियों की सफलता तक, बदलाव के कई उदाहरण सामने आ रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर धरमजयगढ़ में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह को वर्चुअली संबोधित करते हुए ये बातें कहीं।

नितिन नवीन को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए धरमजयगढ़ पहुंचना था, लेकिन खराब मौसम के कारण उनका दौरा संभव नहीं हो सका। उन्होंने वर्चुअल माध्यम से समारोह में भाग लिया और जनजातीय समाज को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के आदिवासी क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों और बदलावों का उल्लेख किया।

बस्तर ओलंपिक में बढ़ी युवाओं की भागीदारी

नितिन नवीन ने कहा कि बस्तर में खेल गतिविधियां युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध करा रही हैं। बस्तर ओलंपिक इस दिशा में महत्वपूर्ण पहल बनकर सामने आया है। वर्ष 2024 में इस आयोजन में डेढ़ लाख से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया था, जबकि 2025 में प्रतिभागियों की संख्या बढ़कर करीब चार लाख हो गई। उनके मुताबिक, यह बढ़ती भागीदारी बताती है कि बस्तर के युवा अब खेलों के जरिए अपनी पहचान बनाने के लिए आगे आ रहे हैं।

एकलव्य विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं में हासिल की सफलता

शिक्षा के क्षेत्र में आदिवासी विद्यार्थियों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में संचालित 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय जनजातीय युवाओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध करा रहे हैं। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में इन विद्यालयों के 408 विद्यार्थियों ने जेईई सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की। इनमें 346 विद्यार्थी जेईई मेन्स में सफल रहे। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सही मार्गदर्शन मिलने पर आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर रहे हैं।

बिरसा मुंडा के बलिदान को किया याद

जनजातीय गौरव दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल कर आदिवासी नायकों के संघर्ष और योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष करते हुए आदिवासी समाज के अधिकारों, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया।

उन्होंने छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता सेनानियों वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर और शहीद गेंद सिंह के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि इन जननायकों का संघर्ष और बलिदान देश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

जनजातीय समाज तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर

नितिन नवीन ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों का विकास केवल बुनियादी सुविधाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि वहां की संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली का संरक्षण भी जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों तक विकास का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और विकास की सुविधाएं पहुंचाना प्राथमिकता है। जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए शिक्षा, खेल और रोजगार के अवसरों का विस्तार करना भी जरूरी है।