#अंतरराष्ट्रीय

थाईलैंड के फुकेत में भीषण अग्निकांड, कमर्शियल बिल्डिंग में आग से 11 लोगों की मौत, 16 घायल

Advertisement Carousel

बैंकॉक। थाईलैंड के लोकप्रिय पर्यटन स्थल फुकेत में सोमवार तड़के भीषण अग्निकांड हो गया। यहां एक व्यावसायिक इमारत में लगी आग ने देखते ही देखते आसपास की कई इमारतों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सुबह 3:17 बजे लगी आग, दो घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

पुलिस के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 3 बजकर 17 मिनट पर एक व्यावसायिक इमारत में आग लगी। इस भवन में वाहन किराये पर देने का कारोबार संचालित होता था। शुरुआती दौर में लगी आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और आसपास की कई इमारतों तक फैल गई।

सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए बड़े पैमाने पर अग्निशमन अभियान चलाया गया। अधिकारियों के अनुसार, दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में करीब दो घंटे की मशक्कत करनी पड़ी।

मृतकों और घायलों में कोई पर्यटक नहीं

पुलिस ने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि हादसे में घायल हुए 16 लोगों में 15 थाई नागरिक हैं, जबकि एक व्यक्ति म्यांमार का रहने वाला है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में जान गंवाने वालों और घायलों में कोई भी विदेशी पर्यटक शामिल नहीं है।

फुकेत थाईलैंड का प्रमुख पर्यटन केंद्र है। ऐसे में इस अग्निकांड के बाद स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल घटना के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।