#राष्ट्रीय

आसियान देशों के साथ रणनीतिक रिश्तों को मिलेगी नई गति, फिलीपींस दौरे पर पीएम मोदी

Advertisement Carousel

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को फिलीपींस की यात्रा पर रवाना होंगे। इस दौरान वे 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और कूटनीतिक सहयोग को और विस्तार देना है। भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी और हिंद-प्रशांत क्षेत्र को लेकर उसकी रणनीति में आसियान की अहम भूमिका है।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, शिखर सम्मेलन के दौरान भारत और आसियान देश अपनी व्यापक रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही आने वाले वर्षों में व्यापार, समुद्री सुरक्षा, तकनीक और कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के रास्तों पर भी चर्चा होगी।

2026 को समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मना रहे भारत-आसियान

भारत और आसियान देशों ने वर्ष 2026 को ‘आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष’ घोषित किया है। दोनों पक्षों के बीच समुद्री क्षेत्र में साझेदारी को मजबूत करने के लिहाज से यह वर्ष महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वहीं, 2027 में भारत और आसियान के संवाद संबंधों के 35 वर्ष पूरे होंगे। इसी वर्ष व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच साल भी पूरे होंगे। शिखर सम्मेलन में आसियान-भारत कार्य योजना 2026-2030 के क्रियान्वयन और भविष्य की प्राथमिकताओं पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

राष्ट्रपति मार्कोस के रात्रिभोज में शामिल होंगे पीएम मोदी

मनीला पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की ओर से आयोजित आधिकारिक रात्रिभोज में शामिल होंगे। इसके बाद अगले दिन दोनों महत्वपूर्ण शिखर सम्मेलन आयोजित होंगे। इस दौरान पीएम मोदी विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शासन प्रमुखों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। इन बैठकों में आपसी संबंधों, क्षेत्रीय सहयोग और साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर बातचीत होगी।

एक्ट ईस्ट पॉलिसी के केंद्र में हैं आसियान देश : पीएम मोदी

फिलीपींस रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आसियान देशों के साथ भारत के संबंध उसकी एक्ट ईस्ट पॉलिसी का महत्वपूर्ण आधार हैं। भारत के महासागर विजन में भी इन देशों की अहम भूमिका है।

पीएम मोदी के मुताबिक, भारत और आसियान के बीच संबंध सदियों पुराने सभ्यतागत संपर्कों पर आधारित हैं। समय के साथ यह रिश्ता व्यापार, कनेक्टिविटी, समुद्री सुरक्षा, तकनीक और जनसंपर्क जैसे क्षेत्रों में व्यापक साझेदारी में बदल चुका है।

उन्होंने कहा कि आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में साझेदारी की प्रगति की समीक्षा के साथ विकास, कनेक्टिविटी और साझा समृद्धि के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी। वहीं, पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर विचार साझा करने का महत्वपूर्ण मंच है। यहां हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग को मजबूत करने के मुद्दे प्रमुख रहेंगे।

प्रधानमंत्री फिलीपींस में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा भारत-आसियान संबंधों को नई ऊर्जा देने के साथ हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सामूहिक सहयोग को मजबूत करेगी।

122 अरब डॉलर तक पहुंचा भारत-आसियान व्यापार

विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन ने बताया कि आसियान भारत के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में शामिल है। पूरे आसियान क्षेत्र के साथ भारत का द्विपक्षीय व्यापार करीब 122 अरब डॉलर का है।

उन्होंने कहा कि हिंद महासागर से जुड़े देश के रूप में भारत के लिए दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ मजबूत रणनीतिक संबंध महत्वपूर्ण हैं। बदलते भू-राजनीतिक परिदृश्य में ये संबंध एशिया में शांति, स्थिरता और सहयोग बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।

‘नेविगेटिंग द फ्यूचर’ है इस बार की थीम

इस वर्ष आसियान शिखर सम्मेलन और उससे जुड़ी बैठकों की थीम ‘नेविगेटिंग द फ्यूचर’ यानी भविष्य की राह तय करना रखी गई है। पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन आसियान के नेतृत्व वाला आठ नेताओं का मंच है, जहां क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होती है।

इस वर्ष फिलीपींस सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहा है। बैठक में वैश्विक और क्षेत्रीय परिस्थितियों के बीच सहयोग बढ़ाने, साझा चुनौतियों से निपटने और एशिया में शांति एवं स्थिरता बनाए रखने के उपायों पर विचार किया जाएगा।