धान खरीदी के दूसरे दिन भी मंडियों में किसानों की भीड़, सरकार ने रखा 160 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य

रायपुर। छत्तीसगढ़ में किसानों के लिए धान खरीदी का महाअभियान शुरू हो चुका है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत प्रदेशभर में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जा रही है। अभियान के पहले दिन 15 नवंबर को 33 जिलों के 1,606 उपार्जन केंद्रों में खरीदी शुरू हुई। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, पहले ही दिन करीब 1 लाख 98 हजार क्विंटल धान की खरीदी की गई। वहीं, किसानों को 2,805 केंद्रों के माध्यम से टोकन जारी किए जा चुके हैं।
3100 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा धान का मूल्य
प्रदेश में 3,100 से अधिक धान उपार्जन केंद्रों के जरिए किसानों से उनकी उपज खरीदी जा रही है। सरकार ने इस खरीफ सीजन में प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदने का प्रावधान किया है। वहीं, पूरे प्रदेश में 160 लाख मीट्रिक टन धान उपार्जन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कृषक उन्नति योजना से भी मिलेगी आर्थिक मदद
राज्य सरकार ने धान का समर्थन मूल्य 3,100 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। इसके अलावा कम उत्पादन की स्थिति में भी पात्र किसानों को कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये तक की आदान सहायता देने का निर्णय लिया गया है।
ऑनलाइन टोकन और बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था
धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए इस बार तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया गया है। उपार्जन केंद्रों पर ऑनलाइन टोकन, बायोमेट्रिक सत्यापन और डिजिटल रिकॉर्ड की व्यवस्था लागू की गई है। इसके जरिए खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और किसानों को सहूलियत देने की कोशिश की जा रही है।




