15 दिन से लापता बुजुर्ग महिला का धान के खेत में मिला कंकाल, तेंदुए के हमले की आशंका से गांव में दहशत

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। ग्राम गातापार में पिछले करीब 15 दिनों से लापता 70 वर्षीय अनुसूईया बाई मंडावी का कंकाल रविवार को धान के खेत में मिला। महिला के अवशेष मिलने की खबर से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तेंदुए के हमले में महिला की मौत होने की आशंका जताई है। हालांकि, वन्यजीव के हमले की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
परिजनों के मुताबिक, अनुसूईया बाई मंडावी करीब 15 दिनों पहले अचानक लापता हो गई थीं। काफी तलाश के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने मिलकर आसपास के गांवों, खेतों और जंगलों में उनकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। रविवार को धान के खेत में उनका कंकाल मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
नवरात्रि में सड़क पर दिखाई दिया था तेंदुआ
ग्रामीणों ने महिला की मौत के पीछे तेंदुए के हमले की आशंका जताई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नवरात्रि के दौरान क्षेत्र की सड़क पर तेंदुआ दिखाई दिया था। उस समय कुछ लोगों ने उसकी तस्वीरें भी मोबाइल में कैद की थीं। इसके अलावा आसपास के गांवों में पिछले एक-दो दिनों के दौरान मवेशियों के शिकार की घटनाएं भी सामने आई हैं।
ग्रामीणों का दावा है कि घटनास्थल के आसपास तेंदुए के पंजों जैसे निशान भी मिले हैं। इन घटनाओं को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि कहीं महिला जंगली जानवर का शिकार तो नहीं बन गईं। हालांकि, पंजों के निशान और तेंदुए के हमले से मौत होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच के बाद खुलेगा राज
कंकाल मिलने की सूचना पर पुलिस, वन विभाग और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। महिला के अवशेषों को जांच के लिए भेजा गया है। अब फॉरेंसिक रिपोर्ट और वन विभाग की जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल इस घटना के बाद ग्राम गातापार और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में जंगली जानवरों की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ गई है। वहीं, 15 दिनों से लापता महिला का कंकाल खेत में मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। महिला की मौत तेंदुए के हमले में हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है, इसका खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।





